इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

पहले पेज का विषय | बाइबल पढ़ना फायदेमंद और मज़ेदार कैसे बनाएँ?

बाइबल पढ़ना कैसे शुरू करें?

बाइबल पढ़ना कैसे शुरू करें?

बाइबल पढ़ना मज़ेदार बनाने के लिए और इससे पूरा-पूरा फायदा पाने के लिए आप क्या कर सकते हैं? यहाँ दिए पाँच सुझावों पर ध्यान दीजिए, जिन्हें अपनाने से कई लोगों को फायदा हुआ है।

अच्छा माहौल चुनिए। एक शांत माहौल ढूँढ़िए। जहाँ तक हो सके ध्यान भटकानेवाली बातों से दूर रहिए ताकि आप अपना पूरा ध्यान पढ़ने पर लगा सकें। रौशनी और ताज़ी हवा हो, तो पढ़ने में मन लगा रहेगा।

सही मन बनाइए। परमेश्वर ने बाइबल अपने बच्चों के लिए यानी हमारे लिए लिखवायी है। एक छोटा बच्चा अपने पिता से सीखने के लिए हमेशा तैयार रहता है, तो अगर हम बच्चों की तरह सोच रखें और बाइबल पढ़ें, तो हमें ज़रूर फायदा होगा। पर इसके लिए हमें अपने मन से बाइबल के बारे में कोई भी गलत खयाल या सोच निकालनी होगी ताकि हमारा प्यारा पिता हमें सिखा सके।—भजन 25:4.

पढ़ने से पहले प्रार्थना कीजिए। बाइबल में परमेश्वर के विचार बताए गए हैं, इसलिए इसे समझने के लिए हमें मदद चाहिए। परमेश्वर ने हमसे वादा किया है कि वह “अपने माँगनेवालों को पवित्र शक्‍ति” देगा। (लूका 11:13) पवित्र शक्‍ति की मदद से हम उसके विचार समझ सकते हैं। धीरे-धीरे यह “परमेश्वर की गहरी बातों” को समझने में भी हमारी मदद करेगी।—1 कुरिंथियों 2:10.

समझकर पढ़िए। किताब खत्म करने के इरादे से मत पढ़िए। आप जो पढ़ते हैं, उसके बारे में सोचिए। खुद से इस तरह के सवाल कीजिए: ‘मैंने जिस इंसान के बारे में पढ़ रहा हूँ, उसमें कौन-से गुण हैं? ये गुण मैं कैसे अपना सकता हूँ?’

कुछ लक्ष्य रखिए। अगर आप चाहते हैं कि आपको बाइबल पढ़ने से फायदा हो, तो कुछ ऐसा सीखने के बारे में सोचिए जिससे आपकी ज़िंदगी और अच्छी हो जाए। जैसे, ‘मैं एक अच्छा इंसान या एक अच्छा जीवन-साथी कैसे बन सकता हूँ?’ या ‘मैं बाइबल से परमेश्वर के बारे में और क्या सीख सकता हूँ?’ फिर जैसा आप सोच रहे हैं, उसे ध्यान में रखकर बाइबल के वे भाग पढ़िए जिनसे आप वे बातें सीख सकें। *

अगर आप इस लेख में दिए पाँच सुझाव अपनाएँ, तो आप आसानी से बाइबल पढ़ना शुरू कर पाएँगे। लेकिन आप इसे और मज़ेदार कैसे बना सकते हैं? अगले लेख में इस बारे में बताया गया है।

^ पैरा. 8 अगर आप नहीं जानते कि बाइबल के किस भाग में इस बारे में जानकारी दी गयी है, तो आप यहोवा के साक्षियों से बात कर सकते हैं। उन्हें आपको बताने में खुशी होगी।